निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

पानी संस्थान द्वारा संचालित कार्बन किसान कनेक्ट परियोजना के अंतर्गत विकास भवन में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परियोजना की प्रगति की समीक्षा करना, विभागीय समन्वय को मजबूत करना तथा किसानों को कार्बन क्रेडिट और सतत कृषि पद्धतियों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सोहना की टीम, प्रगतिशील किसानों एवं परियोजना से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रमुख रूप से उप कृषि निदेशक श्री राजेश कुमार, एपीपीओ डॉ. राम निवास, डॉ. एस. पी. यादव, केवीके सोहना से डॉ. परवेश एवं डॉ. एस. एन. सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में किसानों को बताया गया कि पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाकर कार्बन उत्सर्जन कम करने या कार्बन अवशोषण बढ़ाने पर उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हो सकती है। साथ ही मृदा स्वास्थ्य सुधार, जल संरक्षण, फसल अवशेष प्रबंधन तथा जैविक उपायों के महत्व पर भी जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से सतत कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की। परियोजना निदेशक अभिषेक पाठक ने प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं फील्ड सपोर्ट की जानकारी दी। प्रश्नोत्तर सत्र में किसानों की शंकाओं का समाधान किया गया। अंत में श्री अखिलेश पटेल ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
लगभग 100 प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और किसानों में सतत एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि के प्रति जागरूकता बढ़ी।
