मो. मुजम्मिल, छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव (मप्र), NIT:
अर्धनारेश्वर मंदिर के पास कन्हान नदी के किनारे एक महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, घटना स्थल से लगभग 800 मीटर दूर अग्रवाल क्रेशर के पीछे एक युवक का शव फांसी पर लटका मिला।
मृतिका की पहचान भारती डेहरिया (पिता अशोक डेहरिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी आलीवाड़ा थाना जुन्नारदेव, हाल निवासी नरेश बट्टी का मकान, अप्पू हाल वार्ड नंबर 12, दमुआ) के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर मृतिका की मां कलशा डेहरिया की सूचना पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। घटना स्थल पर एफएसएल अधिकारी को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए और विवेचना प्रारंभ की गई।
दूसरे शव की पहचान नरेश बट्टी (पिता दलशराम बट्टी, उम्र 30 वर्ष, निवासी आलीवाड़ा थाना जुन्नारदेव, हाल निवासी अप्पू हाल वार्ड नंबर 12, दमुआ) के रूप में हुई, जो मृतिका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। मृतक नरेश के भाई सुरेश बट्टी की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि भारती डेहरिया और नरेश बट्टी के बीच पिछले लगभग चार वर्षों से प्रेम संबंध थे और दोनों साथ में रह रहे थे। पिछले एक वर्ष से घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद और झगड़े होते रहते थे।
प्रारंभिक विवेचना में आशंका जताई जा रही है कि बीती रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें नरेश बट्टी ने पत्थर से भारती डेहरिया के सिर पर चोट पहुंचाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
