जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:
नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 44, सुभाष नगर ब्रिज के नीचे हॉकर्स कॉर्नर के पास मेन रोड पर स्थित शराब की दुकान के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में कई बार शराब की दुकान हटाने को लेकर शिकायतें भी की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस शराब की दुकान के कारण शराबियों की भीड़ लगी रहती है, जो आसपास बैठकर शराब पीते हैं। उनके द्वारा की जाने वाली गंदगी से लोगों का वहां से निकलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा मेन रोड पर दोपहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने आबकारी विभाग को निर्देश देकर इस शराब की दुकान को बंद कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र के निवासियों और राहगीरों को राहत मिल सके।
