कौशर अली के जन्मदिन पर कौशर अली फाउंडेशन ने लगाया विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 550 ग्रामीणों को मिला उपचार | New India Times

इरशाद आलम, परासिया/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कौशर अली के जन्मदिन के अवसर पर कौशर अली फाउंडेशन द्वारा श्री श्री दुर्गा मंदिर, अंबाड़ा में विशाल निःशुल्क संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 12 फरवरी, गुरुवार को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित किया गया।

शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ, मूत्र रोग विशेषज्ञ, सामान्य स्वास्थ्य जांच, इलेक्ट्रो होम्योपैथिक विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, हिजामा कपिंग थेरेपी विशेषज्ञ सहित अन्य सामान्य बीमारियों के डॉक्टरों द्वारा लगभग 550 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया।

स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपक्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र कुमार सोनी एवं विशिष्ट अतिथि शारदा माइंस प्रबंधक स्वप्निल अवस्थी तथा कमल राय अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी परासिया द्वारा किया गया।

इस दौरान 45 लोगों ने रक्तदान किया, वहीं लगभग 550 ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। नेत्र जांच के दौरान दवाइयों एवं चश्मों का वितरण किया गया तथा लगभग 35 मोतियाबिंद मरीजों को चिन्हित किया गया, जिनका ऑपरेशन सुख सागर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, जबलपुर में किया जाएगा।

प्रशिक्षित डॉक्टर पवन कुमार के साथ जुन्नारदेव के डॉक्टर यू.के. नेमा एवं स्टाफ द्वारा लगभग 250 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिसमें 150 मरीजों को चश्मे वितरित किए गए तथा 20 मरीजों को ऑपरेशन हेतु जबलपुर हॉस्पिटल भेजा गया। शेष मरीजों को बाद में ऑपरेशन के लिए भेजा जाएगा।

मूत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की जांच की गई। विवांता केयर हॉस्पिटल छिंदवाड़ा एवं उरांव कार्तिक हॉस्पिटल परासिया के डॉक्टरों द्वारा सामान्य बीमारियों की जांच की गई तथा हड्डी रोग से पीड़ित लगभग 50 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा हिजामा कपिंग थेरेपी से 10 मरीजों तथा इलेक्ट्रो होम्योपैथिक से लगभग 80 मरीजों का उपचार किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सकारात्मक पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया गया। श्री श्री दुर्गा मंदिर समिति अंबाड़ा को बड़ी दीवार घड़ी देकर सम्मानित किया गया तथा यंग मुस्लिम कमेटी गुढ़ी अंबाड़ा के युवाओं को भी सम्मानित किया गया। मंच संचालन एडवोकेट कपिल ठाकुर द्वारा किया गया।

शिविर के दौरान श्री दुर्गा मंदिर समिति अंबाड़ा एवं यंग मुस्लिम कमेटी गुढ़ी अंबाड़ा द्वारा व्यवस्थाएं संभाली गईं। शिविर के समापन पर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा देने वाले डॉक्टरों को फाउंडेशन की ओर से स्मृति चिन्ह एवं गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि कौशर अली फाउंडेशन आत्मनिर्भर भारत के सपनों को साकार करने के लिए समय-समय पर सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर, पौधारोपण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर समाज सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर कौशर अली फाउंडेशन के संचालक जावेद अली, मैसर अली, ईशान अली सहित फाउंडेशन के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version