ममता गनवानी,भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पेट्रोल पंप पर हुई हिंसक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के बाद 4 से 5 युवकों ने एक पैर से दिव्यांग युवक पर सामूहिक हमला कर दिया।
यह पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी युवक को घेरकर उस पर हमला कर रहे हैं। घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग सहमे नजर आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित की ओर से जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। हालांकि, घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। हमले के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो होने के बावजूद कार्रवाई में देरी कई सवाल खड़े कर रही है। आमजन पूछ रहा है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का डर क्यों खत्म होता जा रहा है और आरोपी कब तक कानून की पकड़ से बाहर रहेंगे।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान के आधार पर दबिश दी जा रही है। दूसरी ओर पीड़ित और स्थानीय नागरिक तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को पकड़कर कानून के कटघरे में लाती है।
