स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने सीएमओ ने की प्रेस वार्ता, फाइलेरिया, एमआर व कृमि मुक्ति अभियान की दी जानकारी | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

प्रेस वार्ता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने जिले में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की रूपरेखा, उद्देश्य और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (आईडीए–फरवरी 2026) के तहत जिले के चिन्हित ब्लॉक बांकेगंज में 10 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक घर-घर जाकर दवा का सेवन कराया जाएगा।

इस अभियान में आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल दवाओं का सेवन कराकर फाइलेरिया जैसे गंभीर रोग से बचाव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक दीर्घकालिक रोग है, जिसे नियमित दवा सेवन से नियंत्रित किया जा सकता है और वर्ष 2030 तक इसे समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 10 फरवरी 2026 को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जाएगी।

इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य, पोषण और शैक्षणिक स्तर में सुधार करना है। 13 फरवरी को मॉप-अप दिवस भी आयोजित किया जाएगा।

एमआर (खसरा–रूबेला) अभियान के बारे में उन्होंने बताया कि 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक गैर टीकाकरण दिवसों में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को एमआर वैक्सीन से आच्छादित किया जाएगा, जिससे बच्चों को खसरा और रूबेला जैसी बीमारियों से सुरक्षित किया जा सके।

राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के संबंध में उन्होंने बताया कि 30 जनवरी से 13 फरवरी तक प्रतिवर्ष यह अभियान चलाया जाता है। कुष्ठ एक दीर्घकालिक संक्रामक रोग है, जो माइकोबैक्टीरियम लेप्री नामक जीवाणु से होता है।

यह जीवाणु रोगग्रस्त व्यक्ति के छींकने या खांसने से निकलने वाले ड्रॉपलेट्स के माध्यम से स्वस्थ व्यक्ति तक पहुंचता है और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ऐसी दवाएं उपलब्ध हैं, जिससे कुष्ठ रोग पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

प्रेस वार्ता में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि डॉ. विकास सिंह, मलेरिया अधिकारी हरिशंकर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीएमओ ने आमजन से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इन अभियानों में सक्रिय सहभागिता करें और स्वयं व अपने परिवार को स्वस्थ रखने में सहयोग दें।

By nit

Exit mobile version