नायक जदुनाथ सिंह जनपद ही नहीं, संपूर्ण राष्ट्र के गौरव हैं: डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

अमर शहीद परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नायक जदुनाथ सिंह जनपद ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के गौरव हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में इस दिन अवकाश मनाने के बजाय नायक जी का बलिदान दिवस मनाया जा रहा है, ताकि जनपद के बच्चे उनके अद्वितीय साहस और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

शुक्रवार, 6 फरवरी को अमर शहीद परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह जन कल्याण सेवा संस्थान के तत्वावधान में नायक जी का बलिदान दिवस जिला मुख्यालय स्थित सैनिक कल्याण बोर्ड परिसर में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नायक जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के प्रभारी अध्यक्ष राम औतार त्रिपाठी ने कहा कि नायक जदुनाथ सिंह ने अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान देकर देश की सीमाओं की रक्षा की और दुश्मन सेना को देश में प्रवेश करने से रोका। उनका बलिदान हम सभी जनपदवासियों के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता कुंवर मुनीश सिंह परिहार (एडवोकेट) ने कहा कि जिस प्रकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, उसी प्रकार देश की सीमाओं पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के परिजनों को भी समान सुविधाएं दी जानी चाहिए। साथ ही उनके रोज़गार एवं आजीविका की उचित व्यवस्था की जाए।

संस्था अध्यक्ष के नेतृत्व में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह द्वारा जनपद के समस्त स्कूलों, कॉलेजों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में नायक जी का बलिदान दिवस मनाए जाने के आदेश दिए जाने पर आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर गगनभेदी जयकारों के बीच उपस्थित जनसमूह ने नायक जदुनाथ सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ग्रुप कैप्टन पी.के. गुप्ता, परामर्शदाता परिवार न्यायालय मुकेश सिंह परिहार, राष्ट्रवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र, अरविंद मिश्रा (सदस्य/मजिस्ट्रेट, न्यायपीठ बाल कल्याण समिति), समाजसेवी अमित श्रीवास्तव, अमित शर्मा, रोहित सिंह, अमित बाजपेई, अनिल सिंह राठौर, रामकिशोर भदौरिया, अभय प्रताप सिंह, धर्मवीर सिंह, विजय वीर सिंह, शीशराम यादव, जावेद खान, देवेंद्र मिश्रा, वीरेश सिंह चौहान, हर्ष त्रिपाठी, प्रांजल मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version