इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
अपराधियों पर नकेल कसने और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुना पुलिस ने बीती रात पूरे जिले में एक साथ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के सशक्त नेतृत्व और दूरदर्शी रणनीति के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक ही समय पर ‘कॉम्बिंग गश्त’ अभियान चलाया गया।
इस व्यापक सर्चिंग अभियान से जहां अपराधियों में खौफ का माहौल बना, वहीं आमजन में सुरक्षा को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ। अभियान की शुरुआत में सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीमों को ब्रीफ कर मैदान में उतारा।
सघन गश्त के दौरान पुलिस टीमों द्वारा गुंडा-बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, जिला बदर अपराधियों एवं इनामी बदमाशों की गहन जांच की गई। इस अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जिसके तहत विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे कुल 107 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इनमें 43 स्थायी वारंटी और 64 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
थाना-वार आंकड़ों पर नजर डालें तो राघौगढ़ थाना पुलिस ने सर्वाधिक 10 स्थायी एवं 11 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने 7 स्थायी व 9 गिरफ्तारी, कैंट थाना पुलिस ने 5 स्थायी व 10 गिरफ्तारी, फतेहगढ़ थाना पुलिस ने 3 स्थायी व 7 गिरफ्तारी तथा आरोन थाना पुलिस ने 4 स्थायी व 3 गिरफ्तारी वारंटियों को दबोचा।
अन्य थाना क्षेत्रों में भी प्रभावी कार्रवाई देखने को मिली।
बजरंगगढ़ से 1 स्थायी व 5 गिरफ्तारी, म्याना से 1 स्थायी व 4 गिरफ्तारी, बमौरी से 1 स्थायी व 4 गिरफ्तारी, सिरसी से 2 स्थायी, विजयपुर से 1 स्थायी व 3 गिरफ्तारी, धरनावदा से 3 स्थायी व 2 गिरफ्तारी, चांचौड़ा से 3 स्थायी व 2 गिरफ्तारी, कुम्भराज से 1 स्थायी व 1 गिरफ्तारी, मृगवास से 1 स्थायी व 2 गिरफ्तारी, जबकि मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने 1 गिरफ्तारी वारंटी को पकड़ा।
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के इस सख्त रुख से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जिले की शांति व्यवस्था को भंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल की भूमिका सराहनीय रही।
