अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. द्वारा तहसील डुमरियागंज एवं इटवा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बूथवार अनमैप्ड मतदाताओं के नोटिस निस्तारण एवं सुनवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी राजेश कुमार द्वारा किए गए 71 प्रतिशत निस्तारण कार्य की जिलाधिकारी ने सराहना की। वहीं जिन सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के स्तर से पोर्टल पर 20 प्रतिशत से कम निस्तारण पाया गया तथा जिनके यहां सर्वाधिक आवेदन लंबित रहे, उन्हें चिन्हित करते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव को संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा प्रगति संतोषजनक न होने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी एईआरओ से अनमैप्ड मतदाताओं के संबंध में अब तक की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर नोटिस निर्गत करने के उपरांत साक्ष्य मिलान हेतु अनिवार्य रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि जनसुनवाई से कम से कम दो दिन पूर्व संबंधित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में नोटिस जारी करने की प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने नोटिस निस्तारण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अनमैप्ड मतदाताओं को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन को गांव-गांव जाकर कार्रवाई करनी होगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कम प्रगति वाले तहसील डुमरियागंज के 09 एईआरओ एवं तहसील इटवा के 09 एईआरओ को स्पष्टीकरण निर्गत करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर तहसीलदार रविकुमार यादव, नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह, खंड विकास अधिकारी कार्तिकेत मिश्र, डॉ. विनोद मणि त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी सचिन कुमार पटेल, राजन गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक मुकेश कुमार, एबीएसए अशोक कुमार सिंह, एडीसीओ राजेश कुमार, एडीओ पंचायत ब्रजेश गुप्ता, वीआरसी अभिषेक कुमार, सौरभ चौरसिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
