आईपीएस संजय कुमार बने भोपाल के नए पुलिस कमिश्नर, संगठित अपराध और महिला सुरक्षा पर रहेगा फोकस | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल में पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार ने रविवार, 2 फरवरी 2026 को भोपाल के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार संभाल लिया।

इससे पहले वे बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर पदस्थ थे। पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के सभी जोन के डीसीपी एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पूर्व पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने संजय कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक रूप से चार्ज सौंपा। हरिनारायण चारी मिश्रा का कार्यकाल सराहनीय रहा है और अब उन्हें आईजी, स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (SCRB) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार ने 29 जनवरी 2026 को 14 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे, जिसमें संजय कुमार को भोपाल पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था।

प्राथमिकताएँ और कार्ययोजना
पदभार संभालते ही नए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य फोकस —

• संगठित अपराध और अपराधी गिरोहों की कमर तोड़ना

• महिला सुरक्षा और महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई

• बीट सिस्टम को और मजबूत करना

• साइबर अपराध और ऑनलाइन फ्रॉड पर नियंत्रण

• नशा तस्करी व मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान

कानून व्यवस्था, ट्रैफिक और अतिक्रमण सुधार
पर रहेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे ऑफिस तक सीमित न रहकर जनता के बीच जाकर पुलिसिंग करेंगे, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे समझा जा सके।

संजय कुमार अपनी सख्त, अनुशासित और परिणाम-उन्मुख कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियानों का अनुभव उन्हें भोपाल जैसी महत्वपूर्ण राजधानी में बेहतर पुलिसिंग के लिए मजबूत आधार प्रदान करता है।

यह बदलाव भोपाल की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

By nit

Exit mobile version