संदीप शुक्ला, ग्वालियर (मप्र), NIT;

होर्डिंग का काम करने वाला एक युवक दो मंजिला मकान से नीचे गिर गया। साथ काम करने वाले घायल युवक को अस्पताल ले जाने की बजाए घर छोड़कर भाग निकले। उधर अस्पताल में ले जाने के बाद युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
जनकगंज थाना के लौहगढ़ इलाके में रहने वाला युवक सोनू यादव होर्डिंग्स लगाने का काम करता है। मंगलवार दोपहर 12 बजे सोनू अपने घर से जागृतिनगर में काम करने के लिए निकला था। दोपहर तीन बजे दो लोग सोनू को घायल हालत में लेकर घर आए। दोनों ने सोनू को घर के बाहर ही छोड़ दिया और फिर निकल भागे। परिवार वालों ने सोनू को गंभीर रुप से घायल देखा तो फौरन जयारोग्य अस्पताल ले गए। सोनू के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोंट आई थी, यही वजह है कि अस्पताल में इलाज के दौरान सोनू ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। परिवार वालों का आरोप है कि सोनू दो मंजिला ऊंचाई से गिरा और फिर ठेकेदार के लोग उसे अस्पताल की बजाए घर छोड़ गए, इसी देरी के चलते सोनू की मौत हो गई। पुलिस ने सोनू की मौत की जांच के लिए उसके शव का पीएम कराया है।
