गूगल मैप से चिन्हित हुईं असुरक्षित सड़कें, दुर्घटनाएं रोकने के लिए जिला प्रशासन ने लिए ठोस निर्णय | New India Times

आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

छिंदवाड़ा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में गूगल मैप के माध्यम से जिले की असुरक्षित सड़कों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की स्थिति का अवलोकन किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों पर विस्तृत चर्चा करते हुए व्यवहारिक एवं तकनीकी सुधारात्मक उपायों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा

बैठक में 29 दिसंबर 2025 को आयोजित बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही 16 जनवरी 2026 को कलेक्टर श्री नारायण द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की गई।

इसके अंतर्गत खजरी मार्ग पर दोनों ओर रंबल स्ट्रिप के निर्माण, साइड रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाने, शहर में नए बस स्टैंड के लिए जामुनझिरी क्षेत्र में चिन्हित भूमि के अधिग्रहण हेतु नगर निगम द्वारा आवश्यक कार्यवाही करने तथा छिंदवाड़ा–सिवनी मार्ग पर प्रिंस ढाबा के पास स्थित चौराहे की मरम्मत एवं चालानी कार्रवाई पर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रॉन्ग साइड वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थोड़ी सी समय की बचत और सुविधा के लिए रॉन्ग साइड चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version