मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
मामी से प्रेम प्रसंग के चलते भांजे ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मामा की गला रेतकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां क्षेत्र के भटपुरा चंदू गांव में गुरुवार सुबह सामने आई, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय बलराम के रूप में हुई है। हत्या की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना पुवायां क्षेत्र के भटपुरा चंदू गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मृतक की पत्नी घर पर मौजूद थी और बलराम का शव घर में पड़ा हुआ था। परिजनों व पत्नी से पूछताछ में सामने आया कि हत्या मृतक के भांजे और उसके दो साथियों द्वारा की गई है। आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
क्षेत्र में चर्चा है कि मृतक को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसका उसने विरोध किया था। इसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
