मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महापौर अर्चना वर्मा ने एक महत्वपूर्ण पहल की। महापौर अर्चना वर्मा एवं नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने ककरा स्थित कार्यशाला (वर्कशॉप) का नवनिर्माण कराकर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने 20 विद्युत कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि इन इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन से नगर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहनों को दें, ताकि स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सके।
नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वाहनों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए और सभी कार्य ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न किए जाएँ। कार्यक्रम में पार्षदों सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
