अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या और आए दिन लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से विधायक आतिफ अक़ील ने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री एवं मुख्य सचिव को पत्र लिखकर बड़ी मांग रखी है। उन्होंने सिंधी कॉलोनी चौराहा (हुज़ूर जी मंदिर) से डीआईजी बंगला चौराहा (हरदौल मंदिर) तक भूमिगत मेट्रो ट्रैक के साथ फ्लाईओवर/एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।


विधायक अक़ील ने पत्र में उल्लेख किया है कि भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में ट्रैफिक की स्थिति अत्यंत गंभीर होती जा रही है। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम लगा रहता है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर पुराने भोपाल के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में हालात और भी बदतर हैं, जहां पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि राजधानी भोपाल में मेट्रो निर्माण प्रगति पर है, लेकिन भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र कम क्षेत्रफल और अधिक जनसंख्या वाला इलाका होने के कारण यातायात दबाव अत्यधिक है। टॉकीज चौराहा, निशातपुरा मार्ग, डीआईजी बंगला चौराहा जैसे स्थानों पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक ने सुझाव दिया है कि भूमिगत मेट्रो ट्रैक के साथ-साथ फ्लाईओवर/एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाए, जिससे कम बजट में जनता को दोहरी सुविधा मिल सके और भविष्य में यातायात संकट पर नियंत्रण पाया जा सके।
पत्र के अंत में विधायक अक़ील ने शासन से अनुरोध किया है कि पुराने भोपाल के नागरिकों के हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएं, ताकि निश्चित समय सीमा में यह महत्वपूर्ण परियोजना शुरू हो सके।
इस मांग को लेकर भोपाल उत्तर क्षेत्र के नागरिकों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम हो सकेगा।
