अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, इंदौर/भोपाल (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध शस्त्रों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। STF इंदौर की दो विशेष टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 अत्याधुनिक पिस्तौलें मैगजीन सहित जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक STF इंदौर श्री राजेश सिंह चौहान के निर्देशन में की गई। पहली टीम में इंस्पेक्टर श्री रमेश चौहान, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र गुप्ता एवं आरक्षक विवेक द्विवेदी शामिल थे, जबकि दूसरी टीम में प्रधान आरक्षक आदर्श दीक्षित, आरक्षक देवराज बघेल एवं आरक्षक देवेन्द्र सिंह तैनात थे।
STF को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर दोनों टीमों को मौके पर रवाना किया गया। बताए गए स्थान पर पहुंचकर टीमों ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 5 अत्याधुनिक पिस्तौलें एवं मैगजीन बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना निवास ग्राम बोराड़िया, थाना भिकनगांव, जिला खरगोन बताया। दोनों आरोपी किसी भी प्रकार का वैध शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद हथियारों को जब्त कर नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया गया।
STF द्वारा अवैध शस्त्रों की आपूर्ति, नेटवर्क और इनके संभावित उपयोग को लेकर गहन जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को प्रदेश में अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
