अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उमंग और गरिमा के साथ मनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में शनिवार को लाल परेड मैदान भोपाल में गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने परेड एवं समारोह की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे लाल परेड मैदान में आयोजित किया जाएगा।

फुल ड्रेस रिहर्सल में भव्य संयुक्त परेड
रिहर्सल के दौरान सातवीं बटालियन के प्रधान आरक्षक श्री राजमणि सिंह बघेल ने प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। हर्ष फायर के साथ पुलिस बैंड ने “जन गण मन” की धुन प्रस्तुत की। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री आयुष जाखड़ ने किया, जबकि परेड टू आईसी का दायित्व एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल (रतलाम) ने निभाया।
संयुक्त परेड में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, हॉकफोर्स, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, महिला एवं पुरुष प्लाटून, जेल विभाग, होमगार्ड, भूतपूर्व सैनिक, एनसीसी, स्काउट-गाइड, शौर्य दल, एनएसएस, पुलिस बैंड, श्वान दल एवं अश्वारोही दल सहित कुल 23 टुकड़ियों ने अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
संयुक्त परेड के पश्चात विभिन्न स्कूलों एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल भी की गई। सागर पब्लिक स्कूल कटारा एक्सटेंशन के विद्यार्थियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” थीम पर नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं सेंट पॉल कोएड स्कूल आनंद नगर के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुति दी।
इसके साथ ही शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा वीर-बेटियों की गाथा पर आधारित नृत्य तथा मध्यप्रदेश के पारंपरिक लोकनृत्य – बधाई, गणगौर और मटकी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
परेड में 22 विभागों की झांकियां होंगी शामिल
गणतंत्र दिवस परेड के दौरान प्रदेश सरकार के 22 विभागों की आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें कृषि, उद्यानिकी, आयुष, जनजातीय कार्य, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगरीय विकास, जल संसाधन, गृह, जेल, खेल एवं युवा कल्याण सहित अन्य विभाग शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
फुल ड्रेस रिहर्सल के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ श्री चंचल शेखर, भोपाल पुलिस कमिश्नर श्री हरिनारायणचारी मिश्र सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को आयोजित होने वाला यह समारोह प्रदेश की एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन करेगा।
