लखीमपुर खीरी में 500 युवाओं-युवतियों के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण का शुभारंभ | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

तृतीय वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) लखीमपुर खीरी के सीमा चौकी बेलपरसुआ कार्यक्षेत्र अंतर्गत जेपीएन सर्वोदय विद्यालय, बेलपरसुआ, तहसील निघासन, जिला लखीमपुर खीरी के प्रांगण में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत केंद्रीय सशस्त्र बलों के भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ देवानंद, कमांडेंट, तृतीय वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, लखीमपुर खीरी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर 500 बेरोजगार युवाओं एवं युवतियों को रोजगार सृजन के उद्देश्य से भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किए जाने की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के दौरान जेपीएन सर्वोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके पश्चात कमांडेंट देवानंद ने उपस्थित सभी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय के नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण केवल एक औपचारिक शुरुआत नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर पहला सशक्त कदम है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, प्रत्येक दिन को सीखने का अवसर समझें और अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवानंद, कमांडेंट, तृतीय वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, लखीमपुर खीरी उपस्थित रहे।

वहीं अंकित प्रकाश, लेफ्टिनेंट कर्नल, 26वीं वाहिनी एनसीसी; धीरिंग दौरजी, सहायक कमांडेंट (बेलपरसुआ समवाय प्रभारी); सुरेंद्र सिंह, सूबेदार मेजर, 26वीं वाहिनी एनसीसी; श्रीमती लक्ष्मी देवी, ग्राम प्रधान बेलपरसुआ; बिंदु मिश्रा, प्रधानाचार्य, सरस्वती विद्यालय मंदिर बेलपरसुआ सहित गांव के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में लगभग 650 लोगों की सहभागिता रही।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version