मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण, क्षेत्राधिकारी सदर प्रियंक जैन एवं क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत सहित जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उद्देश्य—मतदाता जागरूकता, सशक्त लोकतंत्र तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान—के संकल्प के साथ की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई।
शपथ में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान करेंगे तथा समाज के प्रत्येक नागरिक को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करेंगे।
शपथ ग्रहण के माध्यम से पुलिस बल में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी, जागरूकता तथा नैतिक दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से ईमानदारी, निष्पक्षता एवं नैतिक आचरण के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने की अपील की।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा समाज में जागरूक मतदान का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
