निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर 5, अटल नगर दलपतपुर में हाईवे के किनारे निर्माणाधीन नाले में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नाले का निर्माण अत्यंत घटिया गुणवत्ता की सामग्री से कराया जा रहा है, जिससे इसकी मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।
वार्डवासियों द्वारा बार-बार विरोध और शिकायत किए जाने के बावजूद न तो निर्माण कार्य रोका गया और न ही गुणवत्ता में कोई सुधार किया गया। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी मामले को अनदेखा किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने इस लापरवाही के लिए नगर पंचायत बिस्कोहर के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अखिलेश दीक्षित तथा डूडा विभाग के जूनियर इंजीनियर आशीष सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।
वार्डवासियों ने मांग की है कि नाला निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गुणवत्ता विहीन कार्य में संलिप्त जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में जनधन की बर्बादी रोकी जा सके।
