मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला प्रशासन एवं इंडिया हाईक्स के संयुक्त तत्वावधान में छिंदवाड़ा जिले के पातालकोट में राष्ट्रीय स्तर का ट्रेकिंग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश में ट्रेकिंग के लिए श्रेष्ठ स्थलों में शामिल पातालकोट में यह आयोजन 24 से 27 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें देश के नामी ट्रेकर भाग लेंगे।
चार दिवसीय इस ट्रेकिंग कार्यक्रम के दौरान ट्रेकर दूधी नदी के उद्गम स्थल, पातालकोट की गुप्त गुफाओं, घाटियों और प्राकृतिक सौंदर्य को नजदीक से एक्सप्लोर करेंगे। इस पहल के माध्यम से पातालकोट के युवाओं एवं जनजातीय समुदाय को रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पर्यटन को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में पर्यटन विभाग की टीम लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला प्रशासन और इंडिया हाईक्स द्वारा यह राष्ट्रीय स्तर का ट्रेकिंग आयोजन पातालकोट में सुनिश्चित किया गया है।
इस ट्रेकिंग कार्यक्रम में नागपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, पांडिचेरी, गोवा, मुंबई, अहमदाबाद सहित अन्य स्थानों से कुल 15 ट्रेकर्स शामिल होंगे। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ट्रेकिंग दल के साथ स्थानीय गाइड रखे जाएंगे तथा आवश्यक संसाधन भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके साथ ही पातालकोट एवं तामिया क्षेत्र के होम-स्टे को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा गया है। घाटियों और खाइयों से घिरे पातालकोट के चिमटीपुर, राजाखोह, दूधी नदी सहित अन्य स्थानों पर ट्रेकिंग को लेकर ट्रेकर्स में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
