इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
गुना जिले में जमीन संबंधी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार रात धमनार गांव के समीप नेशनल हाईवे पर स्थित के-2 होटल के पीछे अज्ञात हमलावरों ने एक ठेकेदार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में ठेकेदार के हाथ में गोली लगी, जिन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
घर लौटते समय घेरा, मारपीट के बाद चलाई गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमनार निवासी दीवान सिंह जाटव पेशे से ठेकेदार हैं। मंगलवार रात करीब 9 बजे वे अपनी साइट पर मजदूरों का भुगतान एवं हिसाब-किताब निपटाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान के-2 होटल के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।
चश्मदीदों और परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने पहले दीवान सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की, इसके बाद पिस्टल से फायर कर दिया। गोली उनके हाथ को चीरती हुई निकल गई, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
5 बीघा जमीन बना विवाद की जड़
पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह नेशनल हाईवे के पास स्थित लगभग 5 बीघा पट्टे की जमीन है। आरोप है कि गांव के कुछ रसूखदार लोगों ने इस बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। दीवान सिंह लगातार अपनी जमीन को कब्जा मुक्त कराने का प्रयास कर रहे थे, इसी कारण आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखता था।
पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर सवाल
घायल ठेकेदार की पत्नी ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते आरोपियों के हौसले बढ़े और उन्होंने जानलेवा हमला कर दिया।
वर्तमान स्थिति
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात एवं चिन्हित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में घायल ठेकेदार का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
