झिरपा–चांवलपानी मार्ग पर परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान, 19 वाहनों से ₹71,200 का जुर्माना वसूला | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

झिरपा–चांवलपानी मार्ग पर परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान, 19 वाहनों से ₹71,200 का जुर्माना वसूला | New India Times

कलेक्टर हरेंद्र नारायण द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में परिवहन विभाग के विशेष जांच दल ने आज झिरपा–चांवलपानी मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया।

यह अभियान बड़ी अनहोनी मेला (गरमकुंड) के दौरान संचालित हो रहे छोटे-बड़े यात्री वाहनों, मालवाहनों एवं निजी वाहनों पर केंद्रित रहा।

जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस तथा ओवरलोडिंग सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी छिंदवाड़ा श्री अनुराग शुक्ला ने बताया कि जांच के दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कमियां पाए जाने पर 9 वाहनों से ₹35,500 तथा अन्य कार्रवाई के अंतर्गत 10 वाहनों से ₹35,700 की चालानी कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 19 वाहनों से ₹71,200 का राजस्व प्राप्त किया गया।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी मेला मार्ग पर चेकिंग कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। साथ ही समस्त वाहन चालकों एवं संचालकों को समझाइश दी गई कि मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। यात्री बसों के मामलों में अनुज्ञा पत्र निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

By nit

Exit mobile version