शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

थाना समाधान दिवस के अवसर पर विंध्याचल मण्डल के मण्डलायुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रेंज मिर्जापुर आर.पी. सिंह द्वारा जनपद सोनभद्र के थाना करमा में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनी गईं।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया गया। विशेष रूप से राजस्व संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण हेतु मण्डलायुक्त एवं आईजी रेंज मिर्जापुर ने राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने उपस्थित फरियादियों को आश्वस्त किया कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण किया जाएगा तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय तथा थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
