ग्रा.प.ए. तहसील इकाई की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, पत्रकारों की समस्याओं को लेकर हुआ मंथन | New India Times

शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

आज रविवार को रॉबर्ट्सगंज न्यू कॉलोनी स्थित लोक मंच भारत कार्यालय में ग्रा. प. ए. सदर तहसील इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने की। दोपहर 12 बजे शुरू हुई इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान पाँच नए पत्रकारों ने उपस्थित होकर सदस्यता ग्रहण की।
अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि ग्रामीण एवं जिला क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश लगातार प्रयासरत है। यह राज्य का बड़ा पत्रकार संगठन है, जिसका पंजीकरण संख्या 1153/86 है।
उपाध्यक्ष जय नाथ मौर्या ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले पत्रकारों को सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए, साथ ही तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता प्रदान की जानी चाहिए ताकि उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
मुरली पाठक ने ग्रामीण पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आयुष्मान भारत कार्ड तथा यूपी परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन की आवश्यकता बताई।
बैठक में यह भी प्रस्तावित किया गया कि पत्रकारिता दायित्व निभाते समय उत्पन्न होने वाले विवादों में प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व सक्षम राजपत्रित अधिकारी द्वारा जांच कराने के आदेश सरकार जारी करे।
बैठक में रामकेश यादव, सेराज अहमद, अर्पित दुबे, मुस्तकीम खान, बद्री प्रसाद गौतम, परमेश्वर कुमार, बृजेश कुमार सिंह, जयनाथ मौर्य, रामनरेश शुक्ला, अभिषेक, दीनदयाल, संतेश्चर, सत्यनारायण, बलिराम समेत अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

By nit

Exit mobile version