मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने डाकघर, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं बैंकों द्वारा आधार कार्ड निर्माण, अपडेशन एवं केवाईसी की प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैंकों में हो रहे आधार कार्ड के केवाईसी एवं अपडेशन कार्य का संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने बताया कि जलालाबाद, पुवायां, जैतीपुर एवं खुदागंज में आधार कार्ड निर्माण, अपडेशन एवं केवाईसी के लिए सीएससी कार्यरत हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी ब्लॉकों में 15 दिनों के भीतर आधार कार्ड सेवाओं के लिए कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को इधर-उधर भटकना न पड़े और वे अपने क्षेत्र में ही आधार से संबंधित कार्य करा सकें।
जिलाधिकारी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए स्कूलों में आधार सेंटर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलवार योजना तैयार कर बच्चों के आधार कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी आधार कार्ड बनाने वाले सेंटरों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि नागरिकों को आधार कार्ड बनवाने, अपडेट कराने एवं केवाईसी कराने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
