सद्दाम हुसैन, ब्यूरो चीफ, लखनऊ (यूपी), NIT:
निगोहा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक युवक की जान बच गई। थाना निगोहा के पास बीच सड़क पर काफी देर से खड़ी एक कार को देखकर कस्बा चौकी इंचार्ज दरोगा अनूप तिवारी को संदेह हुआ, क्योंकि वाहन के अंदर कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही थी।
पुलिस टीम जब कार के पास पहुंची तो अंदर का दृश्य देखकर सभी चौंक गए। कार चालक युवक सीट पर बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ था। प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक ने लंबे समय तक कार का ब्लोअर चालू रखा था, जिससे कार के अंदर ऑक्सीजन की कमी हो गई और वह बेहोश हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार का शीशा तोड़ा और युवक को बाहर निकाला। बाद में उसकी पहचान मीरकनगर निवासी सरवन के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और मौके पर पहुंचे परिजनों के साथ युवक को निजी अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में समय रहते उपचार मिलने से युवक की जान बच गई।
परिजनों ने पुलिस की तत्परता की खुले दिल से सराहना की और कहा कि यदि पुलिस कुछ मिनट और देर से पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की प्रशंसा की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस की सतर्कता से अनमोल जीवन की रक्षा संभव है।
