मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जहाँ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने की बात करते हैं, वहीं मैहर जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर के पास ग्राम पंचायत आनंदगढ़ के ग्राम ललितपुर नंबर-1 में भैरों बाबा मंदिर जाने वाला वर्षों पुराना मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया है।

यह मार्ग भैरों बाबा मंदिर से होकर मुख्य सड़क तक जाता था और इसी रास्ते से ग्रामीणों का रोज़मर्रा का आवागमन तथा श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना होती थी। आरोप है कि बीते वर्ष से गांव के दो व्यक्तियों — मिठाई लाल यादव और रामनिहोर यादव — द्वारा इस रास्ते को बंद कर दिया गया।

ग्रामीणों ने पहले 4 दिसंबर 2024 को नायब तहसीलदार ताला को शिकायत दी। समाधान न मिलने पर 14 अक्टूबर 2025 को कलेक्टर मैहर और एसडीओ राजस्व अमरपाटन को आवेदन किया गया, लेकिन आज तक समस्या का निराकरण नहीं हुआ।

मार्ग बंद होने से बीमार मरीजों को ले जाने, अंतिम संस्कार और दैनिक आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं। 4 जनवरी 2025 को गांव की एक महिला के निधन पर शव को मुख्य मार्ग से ले जाने से रोका गया, जिसके कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

बाद में ग्रामीणों और रिश्तेदारों की समझाइश के बाद शव को कांधे पर उठाकर ले जाना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो किसी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है। वे रास्ते को तत्काल पुनः खुलवाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
