मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेरवानी में मनरेगा के निर्माण कार्य के दौरान आदिवासी महिला मेट के साथ मारपीट की घटना हुई। जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के समय गांव का एक युवक जबरन काम का वीडियो बना रहा था। महिला मेट सीमा उईके द्वारा इसका विरोध करने पर युवक ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।
उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे ने बताया कि ग्राम खेरवानी निवासी कैलाश यदुवंशी (उम्र 40 वर्ष) द्वारा निर्माण कार्य में बाधा डालने तथा महिला के साथ मारपीट करने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी पर धारा 296(ए), 115(2), 351(3) बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(वीए) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
