श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि-श्री रोकड़िया हनुमान मंदिर मेले की तैयारियों को लेकर विधायक अर्चना चिटनिस का सघन निरीक्षण | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

आगामी 3 जनवरी 2026 को पौष पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले आस्था, श्रद्धा और परंपरा के प्रतीक श्री रोकडि़या हनुमान मंदिर के विशाल मेला (डोला) की तैयारियों को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का सघन स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि मेला आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने विशेष रूप से मंदिर के पहुंच मार्ग की स्थिति का जाएज़ा लिया।

उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर खुले में कचरा फेंके जाने से गंदगी फैल रही है, जिससे राहगीरों एवं दर्शनार्थियों को दुर्गंध एवं असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए नगर निगम, ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से व्यवस्थित साफ़ सफ़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंदिर तक पहुंचने का मार्ग श्रद्धालुओं की पहली अनुभूति होता है और यहां स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पहुंच मार्ग पर गंदगी फेंकने वालों के विरुद्ध चालान व जुर्माने की कार्रवाई, निगरानी बढ़ाने तथा नियमित सफाई के लिए विशेष टीम तैनात करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पहुंच मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए श्रीमती चिटनिस ने मार्ग की मरम्मत का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए, ताकि मेला प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि मेला अवधि में वाहनों की अधिकता को ध्यान में रखते हुए सुस्पष्ट ट्रैफिक प्लान, डायवर्जन व्यवस्था एवं पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को जाम जैसी समस्याओं से राहत मिल सके। उन्होंने पुलिस एवं नगर प्रशासन को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी श्रीमती चिटनिस ने निर्देश दिए कि संपूर्ण पहुंच मार्ग, पार्किंग क्षेत्र एवं मंदिर परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, विशेषकर रात्रिकालीन समय में, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सहज रूप से आवागमन कर सकें। साथ ही पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि श्री रोकडि़या हनुमान मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि जन-आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला आयोजन से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा मेला अवधि के दौरान निरंतर निगरानी एवं निरीक्षण जारी रखा जाए।

अंत में श्रीमती चिटनिस ने आम नागरिकों, दुकानदारों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और नियमों का पालन करें, ताकि यह धार्मिक आयोजन सफल, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस के साथ नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सरपंच अब्दुल शाहिद, संभाजीराव सगरे, रूद्रेश्वर एंडोले, आशीष शुक्ला, धनराज महाजन, हेमेन्द्र महाजन, गौरव शुक्ला, किशोर कामठे, चिंटू राठौर, दीपक महाजन, रवि काकड़े, अक्षय मोरे, सौरभ यादव, जयेश धारे, विशाल भावसार, गणेश महाजन, इंजीनियर प्रेमकुमार साहू, योगेश महाजन, प्रसाद उमाले, मनोहर दुसाने एवं रितेश महाजन सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों सहित भक्तगण उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version