मोहनलालगंज हत्या कांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल डंडा और बाइक बरामद | New India Times

सद्दाम हुसैन, ब्यूरो चीफ, लखनऊ (यूपी), NIT:

मोहनलालगंज क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में सफल अनावरण करते हुए हत्या कारित करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से आलाकत्ल (लकड़ी का डंडा), मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UP32 FR 8860 हीरो आई-स्मार्ट बरामद की।

यह कार्रवाई थाना मोहनलालगंज एवं सर्विलांस सेल दक्षिणी जोन की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम — रमज़ान पुत्र इस्माइल निवासी मऊ, अरमान पुत्र इस्माइल निवासी मऊ, और सूरज पुत्र पूर्णमासी निवासी मऊ, थाना मोहनलालगंज हैं।

इन्हें गणेशखेड़ा, थाना मोहनलालगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में थाना मोहनलालगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 528/2025 धारा 103(1) भा.दं.सं. में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दिनांक 30.12.2025 को वादी रवि मोहम्मद निवासी ग्राम मऊ ने सूचना दी कि उनका पुत्र अलमास (उम्र लगभग 21 वर्ष) 29.12.2025 की शाम 7:30 बजे घर से निकला था और वापस नहीं लौटा।

सूचना के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। उसी दिन बड़ी नहर के किनारे खेत में एक युवक का शव मिला, जिसकी पहचान अलमास के रूप में हुई।

पुलिस टीमों ने लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद 31.12.2025 को तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक और तीनों आरोपी आपस में मित्र थे। आरोपी रमज़ान द्वारा मृतक की रिश्तेदार लड़की को परेशान किया जाता था, जिसको लेकर पहले मृतक और रमज़ान के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते तीनों ने पूर्व-नियोजित तरीके से अलमास की हत्या कर दी।

29.12.2025 की शाम, अभियुक्तों ने अलमास को फोन कर बुलाया और मऊ बड़ी नहर की पटरी पर ले जाकर पास में पड़े यूकेलिप्टस के डंडे से वार कर उसकी हत्या कर, शव को खेत के पास फेंक दिया।

पुलिस ने मामले में धारा 103(1) एवं 3(5) भा.दं.सं. के अंतर्गत बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version