मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

पिछले कुछ दिनों से मंत्रियों एवं मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियाँ सोशल मीडिया, समाज और आम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री श्री विजय शाह के एक कथित बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा कथित तौर पर ‘लाड़ली बहना’ योजना की हितग्राही महिलाओं के अपमान को लेकर बुरहानपुर में आक्रोश देखने को मिला। विरोधस्वरूप मंत्री विजय शाह का पुतला जलाया गया।
महिला जिला कांग्रेस कमेटी ने मंत्री विजय शाह के बयान के विरोध में मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को बुरहानपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुँचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। विरोध प्रदर्शन शाम 4 बजे शिवकुमार पुतले के पास से प्रारंभ हुआ। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके बयान को महिला विरोधी बताया।
महिलाओं का अपमान सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल
प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव श्रीमती सरिता राजेश भगत ने कहा कि मंत्री विजय शाह का बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि यह सरकार की संवेदनशीलता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने मांग की कि मंत्री विजय शाह सार्वजनिक रूप से लाड़ली बहनों से माफी माँगें तथा पार्टी उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करे।
अपमानजनक बयानों पर रोक लगाने की मांग
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की कि मंत्री विजय शाह के बयान का संज्ञान लिया जाए और भविष्य में इस प्रकार के अपमानजनक बयानों पर सख्त रोक लगाई जाए। इस विरोध कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
विरोध प्रदर्शन में प्रमुख उपस्थिति
विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव श्रीमती सरिता राजेश भगत, निगम अध्यक्ष श्रीमती अनीता अमर यादव, अरुण शिवड़कर, ज्योति गुप्ता, मीनाक्षी महाजन, इंद्रसेन धैर्यशीलराव देशमुख, शैली कीर, घीसूलाल सुखवानी, शेख रुस्तम, एडवोकेट निखिल खंडेलवाल, आशीष भगत, रियाज-उल-हक सहित यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस सदस्य मौजूद रहीं।
