मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

सांसद खेल महोत्सव प्रतियोगिता के अंतर्गत जिला स्तरीय थांगता मार्शल आर्ट एवं तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय मैदान में जुन्नारदेव में किया गया। प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह शाम 4:00 बजे संपन्न हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि महापौर नगर निगम विक्रम अहके रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सलोडे, मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी योगेश रुखमांगद तथा जिला खेल अधिकारी अनुरोध शर्मा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके ने अपने उद्बोधन में बच्चों को वर्तमान समय के तनाव से मुक्त रहने के लिए आउटडोर खेलों को अपनाने का संदेश दिया तथा पारंपरिक खेल थांगता मार्शल आर्ट एवं तीरंदाजी को मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाने वाला बताया।
मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी ने जिले के सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से जिले के खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों तक, अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।
इस प्रतियोगिता में पांढुरना, सौसर, परसिया, जुन्नारदेव एवं छिंदवाड़ा से लगभग 100 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिला स्तरीय थांगता प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता 25 खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विकासखंड के खेल प्रशिक्षक तथा खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
