समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न, सड़क सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कलेक्टर हरेंद्र नारायण के मार्गदर्शन में तथा सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी एसडीएम एवं विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने विभागवार समय-सीमा एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर को सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग जारी की जाएगी, ऐसे में सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि लंबित शिकायतों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण कर उन्हें बंद कराया जाए।

छिंदवाड़ा–हर्रई मार्ग पर सड़क सुरक्षा के निर्देश

सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने छिंदवाड़ा–हर्रई क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ढाबों के सामने सड़कों पर खड़े ट्रकों पर चिंता व्यक्त करते हुए एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए ऐसे स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

छिंदवाड़ा–सिवनी मार्ग के गड्ढे 15 दिवस में सुधारने के निर्देश

बैठक में छिंदवाड़ा–सिवनी मार्ग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर मौजूद सभी गड्ढों की मरम्मत आगामी 15 दिवस के भीतर सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्य की प्रगति की जानकारी फोटोग्राफ के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जिला अस्पताल में स्वच्छता पर विशेष निगरानी

सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने जिला अस्पताल छिंदवाड़ा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी आवश्यक है।

पीएमएफएमई योजना के अधिक प्रकरण बैंकों में भेजने के निर्देश

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने उप संचालक उद्यानिकी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के प्रकरण तैयार कर बैंकों में भेजे जाएं, ताकि जिले में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version