अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

जयपुर रेंज आईजी एच.जी. राघवेन्द्र सुहास के निर्देश पर सीकर पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और राहुल रिणाउ से जुड़े संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र से गिरोह से संपर्क रखने वाले 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी धनाढ्य व्यापारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने की गतिविधियों में शामिल थे। संगठित अपराध से जुड़े होने के चलते इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के नए व कठोर प्रावधानों सहित आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
फतेहपुर सीओ अरविन्द कुमार एवं थानाधिकारी प्रकाश चन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने 11 दिसंबर को त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी रामगढ़ सेठान एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 107 के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही गैंग से जुड़े फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की जा रही है।
