मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, भोपाल के तत्वावधान में विकासखंड जुन्नारदेव के अध्ययन केंद्र शासकीय महाविद्यालय जुन्नारदेव में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित समाजकार्य स्नातक एवं समाजकार्य परास्नातक कक्षाओं में रविवार को विशेष चर्चा का आयोजन किया गया। कक्षाओं का नियमित संचालन संजय बामने के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इस अवसर पर अध्ययन केंद्र में वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद ताहिर ने प्रेस विज्ञप्ति विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए छात्र–छात्राओं को पत्रकारिता की बुनियादी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि प्रेस विज्ञप्ति एक आधिकारिक लिखित अथवा इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज होती है, जिसे कोई व्यक्ति, संस्था या संगठन समाचार पत्रों, टीवी चैनलों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसी महत्वपूर्ण सूचना, समाचार या घोषणा के प्रचार–प्रसार हेतु जारी करता है।
श्री ताहिर ने प्रेस विज्ञप्ति के उद्देश्य, उसकी भाषा, संरचना एवं प्रभावी प्रस्तुति के बारे में सरल उदाहरणों के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक सशक्त प्रेस विज्ञप्ति समाज और शासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम होती है तथा जनहित से जुड़े विषयों को व्यापक मंच प्रदान करती है।
इसके साथ ही उन्होंने जल संचय अभियान, असाइनमेंट, बोरी बंधान की समीक्षा, मेंटॉर की जिओ-टैग एवं बैनर के साथ फील्ड में उपस्थिति की फोटोग्राफी जैसे विषयों पर भी जानकारी दी।
छात्रों को अपने प्रयोगशाला ग्रामों की सूची तैयार कर जल संचयन अभियान के अंतर्गत बोरी बंधान कार्य के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने हेतु निर्देशित किया गया।
