मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव नगर पालिका परिषद के कांग्रेस पार्षदों द्वारा आज मुख्य नगरपालिका अधिकारी नेहा धुर्वे को दो अलग-अलग मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

पहले ज्ञापन में कहा गया कि परिषद द्वारा स्वीकृत संजीवनी क्लिनिक के सामने नगर पालिका द्वारा किया जा रहा निर्माण उचित नहीं है। इस निर्माण कार्य से संजीवनी क्लिनिक में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
क्लिनिक पीएचई ऑफिस के बाजू में निर्मित की गई है और जिस उद्देश्य से इसे बनाया गया था, वह इस निर्माण से प्रभावित होगा। पार्षदों ने बताया कि यह निर्माण कार्य नियम-विरुद्ध है और शासन की मंशा के विपरीत है। इसलिए संजीवनी क्लिनिक के सामने हो रहे निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए।
दूसरे ज्ञापन में आवास एवं भूमिहीन परिवारों को पट्टा देने की मांग की गई। पार्षदों ने कहा कि 18 वार्डों में शासकीय, नजूल, सिंडिकेट, डब्ल्यूसीएल एवं अन्य शासकीय भूमि पर वर्षों से निवासरत परिवारों के नाम सर्वे सूची में शामिल किए जाएं। उनका आरोप है कि कई वार्ड प्रभारियों द्वारा फॉर्म भरने में लापरवाही बरती जा रही है।
कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनहित में आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के सभी पार्षद उपस्थित रहे।
