राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
खरीफ की मक्का, धान और सोयाबीन फसलों के उचित दाम न मिलने तथा भारी बारिश से खराब हुई फसलों की राहत राशि न दिए जाने को लेकर कांग्रेस आज पूर्व मंत्री हर्ष यादव की अगुवाई में ट्रैक्टर रैली निकालकर जंगी प्रदर्शन एवं कृषि मंडी का घेराव करेगी।
कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस खरीफ सीजन में विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण मक्का, धान और सोयाबीन की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। किसानों की इस गंभीर स्थिति के बावजूद प्रदेश सरकार द्वारा अब तक कोई राहत राशि प्रदान नहीं की गई है।
फसल उत्पादन कम होने के कारण अब बिचौलिये किसानों की फसलें समर्थन मूल्य के विरुद्ध बेहद कम दामों पर खरीद रहे हैं, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशिष बाबा राजौरिया ने बताया कि राज्य एवं केंद्र की भाजपा सरकार किसानों का शोषण कर रही है।
उन्होंने कहा—
• मक्का का समर्थन मूल्य ₹2400 प्रति क्विंटल घोषित है,
• लेकिन सरकारी मंडियों में मक्का मात्र ₹1200 प्रति क्विंटल खरीदा जा रहा है।
• अतिवृष्टि से सोयाबीन और मक्का की फसलें नष्ट हो गईं, फिर भी सरकार ने एक रुपए की राहत भी नहीं दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार न किसानों को खाद दे पा रही है, न बिजली, और न ही फसलों का उचित दाम।
किसानों की समस्याओं को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में आज दोपहर 12 बजे, छीर बायपास स्थित कांग्रेस कार्यालय से ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी और कृषि मंडी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस ने बताया कि कार्यक्रम में जिला और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों द्वारा अलग-अलग तैयारियाँ की गई हैं।
