रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
पेटलावद क्षेत्र के होनहार छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के बल पर इस अंचल का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
कलमे परिवार की बिटिया की बड़ी उपलब्धि
इसी कड़ी में पेटलावद को एक बार फिर गौरव का अवसर प्राप्त हुआ है। जिला सहकारी बैंक शाखा पेटलावद के प्रबंधक श्री देवीलाल कलमे और शिक्षिका श्रीमती रीना कलमे की सुपुत्री कुमारी मुस्कान कलमे ने डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे शासकीय मेडिकल कॉलेज, रतलाम से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर डॉक्टर बनने का गौरव हासिल किया है।
दूसरी पुत्री भी इसी क्षेत्र में अग्रसर
उल्लेखनीय है कि सरल और सौम्य स्वभाव वाले कलमे दंपत्ति की दूसरी पुत्री कुमारी प्रियांशी कलमे भी इसी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।
पीड़ितों की सेवा ही मुस्कान का उद्देश्य
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और कॉलेज प्रबंधन को देते हुए कुमारी मुस्कान कलमे ने कहा कि वह अपनी डॉक्टरी सेवाओं से पीड़ित, गरीब और निर्धन लोगों का उपचार कर उनकी सहायता करना चाहती हैं।
मिल रही बधाइयाँ
मुस्कान की इस बड़ी उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, स्टाफ और नगरवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। नगरवासियों ने कहा कि मुस्कान की सफलता से पूरा नगर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
