अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

खुनियांव विकास खण्ड के सचिवों ने ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले सोमवार को ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था और गैर-विभागीय कार्यों के बोझ के विरोध में बांह पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन किया।
जानकारी के अनुसार, खुनियांव ब्लॉक के सचिवों ने 01 दिसंबर 2025 को समिति के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि वर्तमान ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है। सचिवों का कहना है कि अधिकांश गाँवों में नेटवर्क की गंभीर समस्या है, जिसके कारण कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था के विरोध में 01 से 04 दिसंबर 2025 तक काली पट्टी बांधकर शासकीय कार्य किया जाएगा। यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो आंदोलन को चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
05 दिसंबर से सभी सचिव अपने निजी वाहनों का प्रयोग बंद कर देंगे तथा 15 दिसंबर से सभी सचिव अपनी डोंगल (इंटरनेट डिवाइस) ब्लॉक कार्यालय में जमा कर देंगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से मोईदुर्रहमान, पियूष पाण्डेय, तारिक, सुशील द्विवेदी, सर्वजीत यादव, लवकुश, अनुराग, देवदत्त चौधरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
