अरशद आब्दी/ सूरज कुमार, झांसी (यूपी), NIT;
झाँसी नगर की हर सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की बात मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव जी ने की है। उन्होंने कहा कि झाँसी में विशेष रूप से पानी की समस्या है। सुनने में आता है कि दबंगों द्वारा सिंचाई के लिए नहरों, कुएं व तालाबों पर कब्जा कर लिया जाता है जिससे गरीब व असहाय किसान परेशान होते रहते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं, साथ ही गांव में पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए जो भी सरकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं उनको कड़ाई से एवं निष्पक्षता के साथ लागू कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि दबंगों का कब्जा हटाकर सरकारी हैंडपंपों, तालाबों व कुएं से गरीबों व किसानों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव ने कहा कि झाँसी जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा और डीएम व एसएसपी से इस बारे में बातचीत होगी। थानों पर सुनवाई न होने के कारण लोग अपनी शिकायतें लेकर जिलाधिकारी व एसएसपी के पास आते हैं। व्यवस्था की जाएगी कि पीडितों की एफआईआर थानों पर ही दर्ज हो जाए, ताकि उन्हें न्याय के लिए मुख्यालय तक न आना पड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा बीएएमएस चिकित्सकों को ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह सीएमओ से बात करेंगी कि स्थानान्तरण के बाद भी बीएएमएस चिकित्सक रिलीव क्यों नहीं हुए और उन्होंने अपने नए तैनाती स्थल पर ज्वाइन क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि जिन नर्सिंग होम की जांच और सीलिंग की कार्रवाई के लिए कहा गया था, उस बारे में अभी तक क्या हुआ इसकी जानकारी करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल में मिलने वाले भोजन में गड़बड़झाले की जांच कराने, भूमाफियाओं व अवैध खनन करने वालों को सबक सिखाने की बात उन्होंने कही। इस मौके पर अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी वहां उपस्थित रहे।
