मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का सीएमओ ने किया निरीक्षण | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को तत्काल और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने जिले के दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र—लागुचा और खीरी टाउन—का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मेले में लगे विभिन्न स्वास्थ्य काउंटरों, पंजीकरण व्यवस्था, दवा वितरण, लैब जांच, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार से जायज़ा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद मरीजों से संवाद कर यह जानकारी भी ली कि उन्हें समय पर एवं संतोषजनक सेवाएं मिल रही हैं या नहीं।

सीएमओ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जन आरोग्य मेलों की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है। इसी के तहत सभी एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, अधीक्षक एवं जिला स्तरीय अधिकारी विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण कर सेवाओं की समीक्षा कर रहे हैं।

सरकार का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा बीमारियों का त्वरित निदान सुनिश्चित करना है। जनपद में आयोजित हो रहे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version