मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन बुरहानपुर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने डिप्टी कलेक्टर बुरहानपुर श्री सृजन श्रीवास्तव को संयुक्त ज़िला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन दिया।
ज्ञापन के माध्यम से इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन बुरहानपुर के पदाधिकारियों ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की है कि पत्रकारों के लिए पत्रकार कॉलोनी का निर्माण किया जाए और पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रदेश में शीघ्र लागू किया जाए। पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू करने की मांग PCWJ सहित अनेक पत्रकार संगठन अपने अपने बैनर के माध्यम से निरंतर कर रहे हैं।
इस दौरान इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन जिलाध्यक्ष शकील खान, जिला उपाध्यक्ष सुमेश तायड़े, सचिव राहुल इंगले, वरिष्ठ पत्रकार सदस्य गोकुल खंडारे, मनोज भागवतकर, सोहेल अहमद, शेख वसीम ने एक स्वर में उक्त मांग उठाई।
पत्रकारों का कहना है कि मीडिया कर्मी समाज के हर वर्ग की आवाज सरकार तक पहुंचाते हैं, लेकिन उनके खुद के सुरक्षा और आवास के मुद्दे वर्षों से उपेक्षित हैं, कई बार फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों को धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में पत्रकार सुरक्षा कानून का लागू होना बेहद जरूरी है।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया है कि बुरहानपुर में पत्रकारों के लिए उचित स्थान पर कॉलोनी विकसित की जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों को भी सम्मानजनक आवास मिल सके।
इस दौरान जिला अध्यक्ष शकील खान सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, उन्होंने कहा कि अगर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन की राह अपनाने पर मजबूर होगा।
डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव ने पत्रकारों की इन महत्वपूर्ण मांगों को लेकर प्रशासन ने ज्ञापन को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
