गुलशन परूथी,ग्वालियर (मप्र), NIT:
शहर के नवनिर्मित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से सोमवार को बस संचालन का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन भिंड और मुरैना मार्ग की 50 से अधिक बसें यहां से रवाना हुईं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के मार्गदर्शन में बस संचालन की व्यवस्था प्रारंभ की गई, जिससे शहर को एक नई पहचान मिली है।
प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ समय तक पुराने बस स्टैंड से बसों को आईएसबीटी होकर गंतव्य तक जाने की अनुमति दी है। व्यवस्था स्थिर होने के बाद भिंड और मुरैना की सभी परमिटशुदा बसें केवल आईएसबीटी से ही संचालित होंगी।
हजीरा थाना क्षेत्र के समीप 25 एकड़ भूमि में बना यह आईएसबीटी ग्वालियर स्मार्ट सिटी मिशन की प्रमुख परियोजना है। ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट और हेरिटेज थीम पर आधारित यह टर्मिनल ऊर्जा बचत, जल संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है।
आईएसबीटी में पार्किंग, पिक एंड ड्रॉप लेन, विश्राम गृह, दिव्यांग-अनुकूल पथ और बस वर्कशॉप क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही, ई-रिक्शा और विक्रम रूट भी निर्धारित किए गए हैं ताकि नागरिकों को कम खर्चे में सुविधाजनक आवागमन मिल सके।
