मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

विंध्यवासियों के लिए इंतजार की घड़ी समाप्त हो रही है। अब रीवा, विंध्य और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को नियमित वायुसेवा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। रीवा से दिल्ली के लिए 72 सीटर विमान 10 नवम्बर को रीवा एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू एलायंस एयर के एटीआर-72 विमान को दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना करेंगे।

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने 10 नवम्बर को प्रातः 11 बजे रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एयरपोर्ट पर मंच व्यवस्था सहित अन्य प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र में हवाई सुविधाओं का विस्तार आर्थिक सुदृढ़ता का प्रतीक है। यह एयरपोर्ट केवल आधारभूत संरचना नहीं, बल्कि विंध्य क्षेत्र के विकास की दिशा तय करने वाला माध्यम है।

यह क्षेत्र की आर्थिक, पर्यटन और औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय लिख रहा है। एटीआर-72 विमान के संचालन से न केवल विंध्य क्षेत्र बल्कि उत्तर प्रदेश से सटे जिलों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि शीघ्र ही रीवा से इंदौर के लिए भी वायुसेवा शुरू की जाएगी, जिससे यात्रियों को इंदौर से देश के अन्य शहरों के लिए कनेक्टिव उड़ानें उपलब्ध रहेंगी।
एलायंस एयर के प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल और यशवर्धन सिंह ने बताया कि 10 नवम्बर को वायुयान दोपहर 12:10 बजे रीवा से दिल्ली के लिए रवाना होगा। इसके उपरांत 11 नवम्बर से सप्ताह में तीन दिन इस विमान का नियमित संचालन किया जाएगा।
बैठक में आयुक्त रीवा संभाग बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र चौहान, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
