संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस कर्मियों एवं डायल-112 में तैनात चालकों के लिए सीपीआर/बीएलएस का प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन ग्वालियर स्थित नवीन सामुदायिक भवन में सीपीआर/बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट) प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

इस प्रशिक्षण सत्र में सीपीआर विशेषज्ञ डॉ. स्नेहलता दुबे एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा पुलिस कर्मियों एवं डायल-112 एफआरवी पर तैनात सभी चालकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. स्नेहलता दुबे ने बताया कि यदि समय रहते किसी व्यक्ति को सीपीआर मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को डमी के माध्यम से सीपीआर तकनीक का अभ्यास कराया और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने के सही तरीकों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि सीपीआर देने की सही जानकारी मानव जीवन को बचाने में अत्यंत सहायक होती है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार डायल-112 में तैनात समस्त स्टाफ के लिए सीपीआर प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है। इसी क्रम में यह प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार, प्रभारी कंट्रोल रूम निरीक्षक (रेडियो) भारत सिंह, सूबेदार प्रेम सिंह सहित 110 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं 150 डायल-112 चालक उपस्थित रहे। ऐसे प्रशिक्षण सत्र पूर्व में भी ग्वालियर जिले के पुलिस कर्मियों के लिए आयोजित किए जा चुके हैं।
