आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जिले में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने एक और सराहनीय कदम उठाते हुए छुई उपकेंद्र पर 5 MVA ट्रांसफार्मर की जगह नया 10 MVA का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। यह उपकेंद्र पर लगा पहला 10 MVA ट्रांसफार्मर है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि मानी जा रही है।
इसी प्रकार खीरेटी उपकेंद्र में भी 3.15 MVA ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 5 MVA का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। दोनों उपकेंद्रों की इस क्षमता वृद्धि से छुई, खीरेटी सहित आसपास के लगभग 25 गाँवों के किसानों और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
“रोशनी वहाँ नहीं जलती जहाँ तेल होता है,
वो जलती है जहाँ इरादा और मेहनत मेल होता है।”
कंपनी अधिकारियों ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर आकार में बड़ा और तकनीकी रूप से जटिल होने के कारण स्थापना कार्य देर रात तक जारी रहा। इसके बावजूद इंजीनियरों और तकनीकी दल ने पूरी तत्परता और लगन से इसे सफलतापूर्वक पूर्ण किया। इससे उपकेंद्र की कुल क्षमता अब दोगुनी हो गई है, जो भविष्य में बढ़ती बिजली मांग को सहज रूप से पूरा करने में सहायक होगी।
स्थानीय किसानों और नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी द्वारा लगातार किए जा रहे ऐसे विकासात्मक कार्यों से गाँवों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
