मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जुन्नारदेव संभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत दातलावाड़ी में बिजली से जुड़े उपकरण इन दिनों दम तोड़ते नज़र आ रहे हैं, जिसके चलते सप्लाई बार-बार बाधित हो रही है।
ऐसा ही एक मामला शनिवार सुबह लगभग 11 बजे सामने आया, जब बाबू लाइन पंचायत भवन के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के समीप विद्युत पोल में लगे बिजली बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई।
आग की लपटें तेज़ होने के कारण घरेलू सर्विस लाइन और मेन पावर केबल तक पहुंच गईं, जिससे केबल जलकर नीचे गिर गई। इसके चलते बाबू लाइन, नीचे लाइन, पंचायत भवन क्षेत्र और प्रेम नगर की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
स्थानीय निवासियों ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर लाइनमैन गुलाब धुर्वे और नीरज अपनी टीम के साथ पहुंचे और सुधार कार्य शुरू किया। लगभग 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्षेत्र की बिजली बहाल की गई, जिसके बाद वार्डवासियों ने राहत की सांस ली।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि वर्षों पुराने बॉक्स और केबल को बदला जाए, मकड़ी के जालों की तरह फैले तारों को दुरुस्त किया जाए और नियमित रखरखाव (मेंटेनेंस) किया जाए, ताकि क्षेत्र में स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत दातलावाड़ी में पिछले तीन महीनों में यह चौथी घटना है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में बार-बार ऐसी घटनाएं होना चिंताजनक है। क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए ताकि कोई बड़ी दुर्घटना न हो।
