राधा-वृन्दावन चंद्र की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का हुआ शुभारंभ | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

चंद्रोदय मंदिर में कार्तिक माह के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्सव के प्रथम दिवस पर श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र की दिव्य शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नगर को भक्ति-रस से सराबोर कर दिया।

स्वर्ण-प्रभा से आलोकित रथ पर विराजमान श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र के दिव्य दर्शन से भक्तगण भाव-विभोर हो उठे। शोभायात्रा आरंभ होने से पूर्व मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगे और सुगंधित पुष्पों से सुसज्जित किया गया था। भक्तों ने स्वयं रथ को विशेष पुष्पों से अलंकृत किया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण में भक्ति और आनंद का अनुपम संगम दिखाई दिया।

शोभायात्रा की शुरुआत में ठाकुर श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र को पालकी में विराजमान कर गर्भगृह से बाहर लाया गया और स्वर्ण रथ पर प्रतिष्ठित किया गया। इसके बाद नजर उतारी गई और ‘स्वच्छ ब्रज’ का संदेश जनमानस को दिया गया। पूजा-अर्चना के उपरांत भक्तों ने जय-जयकार करते हुए पुष्पवर्षा की तथा रस्से खींचकर रथ को मंदिर परिसर में घुमाया। इस दौरान नगरवासियों ने भी सड़कों पर खड़े होकर पुष्पवृष्टि कर भगवान का स्वागत किया।

हरिनाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि से सम्पूर्ण चंद्रोदय मंदिर गूंज उठा। भक्तों ने दामोदराष्टकम का गान करते हुए दीपदान किया और ठाकुर श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस्कॉन बैंगलोर के विभिन्न केंद्रों से आए भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से भक्ति-मय वातावरण को और अधिक प्रगाढ़ बना दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री किशन चौधरी ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। इस भव्य शोभायात्रा में मथुरा, आगरा, दिल्ली, नोएडा सहित विभिन्न नगरों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्तिरस और आनंद का अनुभव किया।

By nit

Exit mobile version