ताहिर मिर्ज़ा, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:
वणी शहर में आज सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया। जन्नत होटल के पास कार और ट्रक की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि पाँच वर्षीय एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, रियाजुद्दीन शेख अपनी बेटियों को कार चलाना सिखा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। उनकी तीन बेटियाँ — मायरा, ज़ोया और अनिबा — की मौके पर ही मौत हो गई। रियाजुद्दीन शेख को हल्की चोटें आई थीं, लेकिन बेटियों की मौत का सदमा वह सहन नहीं कर सके और उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी भी मृत्यु हो गई।
हादसे में रियाज शेख के भाई की पाँच वर्षीय बेटी इनाया गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे इलाज के लिए चंद्रपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
महीने के आखिरी दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे वणी शहर को गहरे शोक में डुबो दिया है। एक ही पल में शेख परिवार उजड़ गया, और यह “काला शुक्रवार” शहर के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।
